Type Here to Get Search Results !

खुशखबरी: चुनाव ड्यूटी कर्मियों के लिए निर्वाचन आयोग का तोहफा, ECI ने बढ़ाया मानदेय

चुनाव ड्यूटी कर्मियों के लिए खुशखबरी, निर्वाचन आयोग ने बढ़ाया मानदेय

नई दिल्ली। भारतीय निर्वाचन आयोग ने चुनाव ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने का ऐलान किया है। आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि केंद्र से लेकर स्थानीय निकाय चुनावों तक में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों को अब उनके काम के अनुरूप बेहतर मुआवजा दिया जाएगा।

नए प्रावधान के अनुसार, पीठासीन अधिकारी और मतगणना पर्यवेक्षक को पहले 350 रुपये प्रतिदिन मिलते थे, अब यह बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन या 2000 रुपये एकमुश्त कर दिया गया है। मतदान अधिकारी का मानदेय 250 रुपये प्रतिदिन से बढ़ाकर 400 रुपये प्रतिदिन या 1600 रुपये एकमुश्त कर दिया गया है। वहीं, मतगणना सहायक को पहले 250 रुपये प्रतिदिन मिलते थे, जिन्हें अब 450 रुपये प्रतिदिन या 1350 रुपये एकमुश्त दिया जाएगा।

चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों का मानदेय भी बढ़ाया गया है। पहले जहां इन्हें 200 रुपये प्रतिदिन मिलते थे, अब यह 350 रुपये प्रतिदिन या 1400 रुपये एकमुश्त कर दिया गया है। कॉल सेंटर या कंट्रोल रूम में काम करने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 200 रुपये प्रतिदिन या 1000 रुपये एकमुश्त दिया जाएगा।

इसके अलावा वीडियो सर्विलांस टीम, वीडियो व्यूइंग टीम, लेखा दल, कंट्रोल रूम, कॉल सेंटर, मीडिया सर्टिफिकेशन, निगरानी समिति और उड़नदस्ते में कार्यरत कर्मचारियों को भी पद के अनुसार बढ़ा हुआ मानदेय मिलेगा। इन कार्यों में लगे श्रेणी-1 और श्रेणी-2 के कर्मचारियों को पहले 1200 रुपये दिए जाते थे, अब इन्हें 3000 रुपये एकमुश्त मिलेंगे, जबकि श्रेणी-3 के कर्मचारियों का मानदेय 1000 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये कर दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
WhatsApp Group Join