महोबा। परिषदीय स्कूलों में बच्चों के सीखने के स्तर को और सटीक तरीके से आंकने के लिए निपुण एप को अपग्रेड कर Nipun Plus के रूप में लॉन्च किया गया है। राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा के निर्देश पर अब शिक्षक को अपनी कक्षा के कम से कम पांच छात्रों का हर सप्ताह इस एप के जरिए मूल्यांकन करना होगा।
स्कूल शिक्षा महानिदेशक कंचन वर्मा द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, एप छात्रों से रैंडम आधार पर प्रश्न पूछेगा। यह मूल्यांकन 25 सप्ताह की शिक्षण योजना के अनुरूप होगा और कक्षा 1 से 8 तक के लिए विषयवार प्रश्न बैंक तैयार किया गया है, जिसमें बच्चों की समझ और सीखने की क्षमता मापने वाले प्रश्न शामिल हैं।
निरीक्षण प्रक्रिया के तहत एआरपी, डायट मेंटर्स और स्टेट रिसोर्स ग्रुप 10 से 30 स्कूलों में सहयोगात्मक पर्यवेक्षण करेंगे। इसमें कक्षा 1-2 के 40%, कक्षा 3-5 के 30% और कक्षा 6-8 के 20% बच्चों का मूल्यांकन किया जाएगा। इस प्रणाली से शिक्षकों, अभिभावकों और शिक्षा अधिकारियों को छात्रों की पढ़ाई की रियल टाइम जानकारी उपलब्ध होगी।
विशेष नियम: निपुण एप रविवार और अवकाश के दिनों में बंद रहेगा। एक बार में केवल दो विद्यालयों का मूल्यांकन करने के बाद एप स्वतः लॉक हो जाएगा। पर्यवेक्षण के बाद शिक्षकों को अनिवार्य रूप से फीडबैक देना होगा। एप का डाटा बीएसए और एबीएसए बैठकों में समीक्षा का आधार बनेगा।

▼यहाँ पर आप हमें टिप्पणी/कमेन्ट कर सकते हैं। ▼